भरतपुर, 02 अप्रैल।
जिले के सीकरी थाना क्षेत्र के गमोडकी गांव में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
गमोडकी गांव निवासी 46 वर्षीय जगतार सिंह की गोली लगने से मौत हुई। थानाधिकारी मुकेश चैंची ने बताया कि मृतक के छोटे भाई जगजीत सिंह की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है। परिजनों के अनुसार, लगभग एक महीने पहले जगजीत ने गांव में 200 गज का प्लॉट खरीदा था, जिसे लेकर गांव के अमरीक सिंह, जसवंत सिंह, राजू और सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी से विवाद चल रहा था। आरोपित इस जमीन पर कब्जा करना चाहते थे, जिससे दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई थी।
बुधवार रात चारों आरोपी मृतक के घर के बाहर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जगतार सिंह ने उन्हें ऐसा करने से मना किया। इस दौरान अमरीक, जसवंत और राजू ने उसे पकड़ लिया, जबकि सुखविंदर ने कट्टा निकालकर उसकी जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही जगतार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजन घायल अवस्था में जगतार को तुरंत सीकरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना स्थल मृतक के घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर था। जगतार सिंह खेतीबाड़ी करता था और उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपित अमरीक, जसवंत और सुखविंदर आपस में रिश्तेदार हैं, जबकि राजू उनका साथी है। सभी आरोपित अभी फरार हैं और उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार जुटी हुई हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरतना शुरू कर दी है।












