नई दिल्ली, 19 मई।
नई दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में सोमवार को वैवाहिक विवाद के चलते एक युवक ने कथित रूप से खुद को आग लगा ली, जिससे उसकी गंभीर रूप से झुलसने के बाद अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 18 मई को महेंद्र पार्क थाना को पीसीआर कॉल के माध्यम से आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीपांश चौधरी नामक युवक को गंभीर स्थिति में पाया और तुरंत बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
उत्तर-पश्चिमी जिले की पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि मृतक और उसकी पत्नी के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। विवाद की वजह से पहले भी मामला सीएडब्ल्यू सेल तक पहुंच चुका था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद युवक ने आत्महत्या की धमकी दी और पत्नी के घर के बाहर खुद को आग लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में बड़ी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।





.jpg)







