फिरोजाबाद, 27 अप्रैल
थाना उत्तर क्षेत्र की पुलिस ने धोखाधड़ी कर लोगों के गहने उतरवाने वाले एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले में ऐसे अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो लोगों को झांसा देकर उनके कीमती सामान हड़प लेते हैं। इसी अभियान के तहत थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपित केवल पुत्र शिवपाल को गिरफ्तार किया। उसे बैदी की पुलिया के पास सर्विस रोड किनारे से दबोचा गया। उसके पास से 9500 रुपये भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने तीन अप्रैल को रामलीला द्वार के समीप एक बुजुर्ग को अपने झांसे में लिया था। उसने पर्ची दिखाकर 100 रुपये को 200 और 300 रुपये बनाने का लालच दिया और इसी बहाने बुजुर्ग से उसकी सोने की अंगूठी उतरवा ली।
घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी और आखिरकार उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपित ने वारदात स्वीकार की है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।












