नई दिल्ली, 17 मार्च।
टाटा की अगुवाई वाली एयरलाइन एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मंगलवार को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने के लिए कुल 44 निर्धारित और गैर-निर्धारित उड़ानें संचालित करेंगी।
एयरलाइन ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में बताया कि दोनों एयरलाइनों की मिलकर 17 मार्च, 2026 को पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 44 उड़ानें संचालित होंगी। इसमें मस्कट और जेद्दा सहित अन्य प्रमुख शहर शामिल हैं।
हालांकि, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण दुबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने विदेशी उड़ानों के संचालन पर फिलहाल प्रतिबंध लगा दिया है। इस कारण इंडिगो, एयर इंडिया समूह और स्पाइसजेट ने दुबई के लिए अपनी उड़ान सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है।
इंडिगो ने ‘एक्स’ पोस्ट पर जारी बयान में बताया कि दुबई हवाई अड्डा अधिकारियों द्वारा जारी नवीनतम निर्देशों के अनुसार, क्षेत्र में मौजूदा हालात को देखते हुए दुबई में विमानों के उतरने की अनुमति अगले आदेश तक रोक दी गई है।
स्पाइसजेट ने भी ‘एक्स’ पोस्ट पर जानकारी देते हुए कहा कि बदलती परिस्थितियों के कारण उसकी दुबई से आने-जाने वाली उड़ानें फिलहाल प्रतिबंधित हैं।











