नई दिल्ली, 19 मार्च 2026।
पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एयरलाइन कंपनियां सीमित और चरणबद्ध तरीके से उड़ान संचालन कर रही हैं। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने दुबई के लिए अपनी सेवाओं को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। दोनों कंपनियां आज मिलकर पश्चिम एशिया क्षेत्र से आने-जाने वाली कुल 48 निर्धारित और विशेष उड़ानें संचालित करेंगी।
एयर इंडिया के आधिकारिक बयान में कहा गया कि इन 48 उड़ानों में 16 नियमित और 32 विशेष उड़ानें शामिल होंगी, जो दुबई के लिए भी उपलब्ध रहेंगी। टाटा समूह की अगुवाई वाली एयरलानइ ने यह जानकारी दी है।
इंडिगो ने बताया कि दुबई नागरिक उड्डयन प्राधिकरण से नवीनतम अपडेट मिलने के बाद दुबई से और दुबई के लिए उड़ान संचालन 18 मार्च से फिर से शुरू हो गया है। अकासा एयर ने कहा कि सुरक्षा और मौजूदा स्थिति की समीक्षा के बाद वह क्षेत्र में चुनिंदा सेवाओं को धीरे-धीरे बहाल करेगी।
एयर इंडिया ने यात्रियों को चेताया कि दिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में दिन के दौरान लगातार बारिश और तेज हवा के कारण उड़ानों पर असर पड़ सकता है। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति ऑनलाइन जांच लें और संभावित ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए समय से निकलें। एयरपोर्ट टीमें यात्रियों की सहायता के लिए तत्पर रहेंगी।











