कोलकाता, 30 मार्च।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता अमित मालवीय ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को लेकर राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस सरकार पर कड़ी चेतावनी दी है। सोमवार तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में उन्होंने कहा कि आज का चुनाव दो राजनीतिक दलों के बीच नहीं बल्कि जनता और उस शासन के बीच है जिसने अपनी नैतिक वैधता खो दी है।
मालवीय ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ऐसे लोगों को संरक्षण देती हैं, जिन्होंने गंभीर मामलों में आरोपितों का बचाव किया। उन्होंने कामदुनी सामूहिक दुष्कर्म मामले में न्याय की मांग करने वालों को अपमानित करने और हाशिये पर डालने का उदाहरण भी प्रस्तुत किया।
भाजपा नेता ने कहा कि अब वे लोग जो पहले नजरअंदाज किए गए या दबाए गए, न्याय की मांग को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। मालवीय के अनुसार पानीहाटी से भाजपा उम्मीदवार रत्ना देवनाथ और कामदुनी की तुम्पा कयाल का भाजपा से जुड़ना राजनीतिक कदम नहीं, बल्कि न्याय की लड़ाई का प्रतीक है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि आम लोगों की आवाज बनती जा रही है, जो कथित अत्याचार और अराजकता के खिलाफ खड़े हैं।
मालवीय ने अपने संदेश के अंत में यह भी कहा कि यह चुनाव तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस और बंगाल की जनता के बीच है और जनता इस बार अपना निर्णय स्पष्ट कर चुकी है, जिससे ममता बनर्जी की विदाई तय मानी जा रही है।












