अनूपपुर, 30 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कुसुमहाई गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना में मां के साथ खेत में सब्जी तोड़ने जा रही 23 वर्षीय युवती पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुई इस घटना में ग्रामीणों के अनुसार युवती अपनी मां के साथ खेत की ओर जा रही थी, तभी अचानक हाथी ने हमला कर दिया। घटना के बाद हाथी के वहां से दूर जाने पर ग्रामीणों ने युवती को तत्काल दोपहिया वाहन से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक चार दिन पहले भी इसी हाथी ने एक अन्य महिला को कुचल दिया था। घटना की जानकारी मिलने पर जिला चिकित्सालय पहुंचे पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
ग्रामीण के अनुसार रास्ते में अचानक पीछे से हाथी आ गया, जिस पर मां ने बेटी को भागने के लिए आवाज लगाई, लेकिन युवती जैसे ही पीछे मुड़ी, हाथी ने उसे सूंड से पकड़कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। मृतका की पहचान जानकी कोल के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से भेंट कर तत्काल सहायता राशि प्रदान की।
परिजनों ने बताया कि परिवार का जीवन पूरी तरह मजदूरी पर निर्भर है और मृतका के पिता घटना के समय एक शादी समारोह में गए हुए थे, जिन्हें सूचना मिलने पर अस्पताल आना पड़ा। परिवार में पांच बहनें और एक भाई हैं, जिनमें से अधिकांश का विवाह हो चुका है।

वन विभाग के अनुसार यही हाथी बुधवार रात भी एक अन्य गांव में नाबालिग पर हमला कर चुका था, जिसमें वह बाल-बाल बच गया था। विभागीय जानकारी के अनुसार क्षेत्र में अलग-अलग समूहों में हाथियों की आवाजाही जारी है और अब तक कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वन विभाग से सुरक्षा उपायों तथा मुआवजे की मांग की जा रही है।






.jpg)





