भोपाल, 11 अप्रैल 2026।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार का प्रमुख उद्देश्य प्रकृति और विकास के बीच संतुलन स्थापित करना है, ताकि वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण एवं जनजातीय समुदायों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इसी सोच के साथ राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पेंच टाइगर रिजर्व क्षेत्र से विस्थापित परिवारों को सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए उन्हें कृषि योग्य भूमि, आवास तथा बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनजातीय समुदाय के उत्थान और पुनर्वास के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। पेंच टाइगर रिजर्व से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास हेतु कर्माझिरी में चालीस नए आवासों का निर्माण किया जा रहा है, जिन्हें सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त किया जा रहा है।
इन आवासों में सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत सहयोग प्राप्त हुआ है। साथ ही बेहतर सड़क संपर्क, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुँच तथा आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे इन परिवारों के जीवन स्तर में सुधार देखा जा रहा है।
वन विभाग द्वारा किया गया यह स्वैच्छिक पुनर्वास कार्य पर्यावरण संरक्षण और समुदाय कल्याण के संतुलन का उदाहरण बनकर सामने आया है। वन क्षेत्र के समीप रहने वाले जनजातीय समुदायों के जीवन में यह पहल नई आशा और बेहतर भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर रही है












