नई दिल्ली, 30 मार्च।
भारतीय रिजर्व बैंक की नीतिगत हस्तक्षेप के बाद रुपये ने आज विदेशी मुद्रा बाजार में शानदार रिकवरी दिखाई। शुरुआती कारोबार में रुपये ने 1.22 रुपये की मजबूती के साथ 93.59 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। पिछले सप्ताह शुक्रवार को रुपये का डॉलर के मुकाबले स्तर 94.85 रुपये प्रति डॉलर तक गिर गया था और 94.81 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
आज कारोबार के शुरुआती समय ही रुपये ने 93.55 रुपये प्रति डॉलर तक सुधार दिखाया। बाजार खुलते ही यह रुपये का अब तक का सबसे बड़ा उछाल था, जिससे 1.30 रुपये की रिकवरी दर्ज की गई। हालांकि जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, रुपया फिर से कमजोर होता गया। सुबह 10:30 बजे तक रुपये ने ओपनिंग लेवल से 71 पैसे टूट कर 94.30 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार किया।
मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के साथ-साथ ब्रिटिश पौंड और यूरो के मुकाबले भी मजबूत दिखा। 10:30 बजे तक कारोबार के अनुसार ब्रिटिश पौंड के मुकाबले रुपया 1.05 रुपये मजबूत होकर 125.07 रुपये पर और यूरो के मुकाबले 63.97 पैसे की बढ़त के साथ 108.56 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक ने डॉलर और रुपये के लेनदेन में सट्टेबाजी को रोकने के साथ ऑनशोर लॉन्ग पोजीशंस को सीमित करने के निर्देश जारी किए, जिससे रुपये को शुरुआती कारोबार में मजबूती मिली। बैंक को निर्देशित किया गया कि 10 अप्रैल तक हर कारोबारी दिन के अंत तक नेट डॉलर-रुपी पोजिशन दस करोड़ डॉलर तक सीमित रखें। इस कदम से डॉलर की मांग के बावजूद रुपये पर दबाव कम होगा और मुद्रा को सहारा मिलेगा।












