हरिद्वार, 01 अप्रैल।
सिडकुल थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी आकाश उर्फ रोबिन को बीते देर शाम गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दिनेश का पुत्र है और अकबरपुर गढ़ी, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर का निवासी है।
पुलिस के अनुसार आकाश उर्फ रोबिन वर्ष 2025 से लगातार फरार था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा देता रहा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी और मुखबिर तंत्र की सूचना के आधार पर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
यह गिरफ्तारी सिडकुल में 25 दिसंबर 2025 को हुई चोरी की घटना से जुड़ी हुई है। उस समय एक कंपनी की खिड़की तोड़कर लगभग चार लाख पीस सिल्वर सीट चोरी कर ली गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आकाश उर्फ रोबिन और उसके साथी नितिन को माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन जमानत मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने आरोपी के खिलाफ पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिक कार्यवाही कर चालान किया गया है।












