भोपाल, 12 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने रविवार को विधानसभा परिसर के सम्मेलन कक्ष में वरिष्ठ पत्रकार कल्याण संघ की स्मारिका का औपचारिक विमोचन किया, जहां यह कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने संसदीय व्यवस्था और पत्रकारिता क्षेत्र में अध्ययन की प्रवृत्ति के अभाव को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों ही क्षेत्रों में अध्ययन की प्रवृत्ति का विस्तार आवश्यक है, क्योंकि अध्ययन की कमी से न तो विषयों का प्रभावी संचालन संभव हो पाता है और न ही विधायिका के सदनों में सार्थक एवं सारगर्भित चर्चा हो पाती है।

कार्यक्रम के दौरान संघ के अध्यक्ष हरिमोहन मोदी और महासचिव वीरेंद्र सिन्हा ने विधानसभा अध्यक्ष को एक ज्ञापन भी सौंपा और अपेक्षा व्यक्त की कि वे संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर आवश्यक निर्देश प्रदान करेंगे।
संक्षिप्त आयोजित इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ने पत्रकारों से विधानसभा की कार्यप्रणाली पर विस्तृत संवाद किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून निर्माण पर शासन गंभीरता से विचार कर रहा है, साथ ही विधानसभा के पुरस्कारों को लेकर भी मंथन जारी है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही, जिनमें कैलाश गौड़, चन्द्रहास शुक्ल, एनपी अग्रवाल, रामेश्याम अग्रवाल, भूपेन्द्र निगम, गिरीश उपाध्याय, शिव हर्ष सुहालका, दिनेश चन्द्र जोशी, संजय प्रकाश शर्मा, वीरेन्द्र सिन्हा, प्रेम नारायण प्रेमी, विनोद श्रीवास्तव, प्रवीण शुक्ला, पुरुषोत्तम सोढ़ानी, बालमुकुन्द भारती, आत्मदीप, सनत कुमार जैन, विश्वंभर शुक्ल एवं विजय दास शामिल रहे।











