बलिया, 24 मार्च।
उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान तीन इनामी लुटेरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारियों के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देसी तमंचे और डकैती व लूट का माल बरामद किया।
एएसपी कृपाशंकर ने बताया कि सोमवार आधी रात पुलिस की गश्त के दौरान बुधनचक मार्ग के दक्षिण दिशा में दया छपरा-नौरंगा मार्ग पर इनाम घोषित तीन वांछित अपराधियों की उपस्थिति की सूचना मिली। बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में 23 वर्षीय पुनीत कुमार और 24 वर्षीय चन्दन उर्फ माही के पैर में गोली लगी।
मुठभेड़ के दौरान मोटरसाइकिल के पास लेटा हुआ राघव पाण्डेय को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि तीनों ने हाल ही में दो डकैती और लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। घायल बदमाशों को पुलिस टीम द्वारा तत्काल सीएचसी सोनबरसा इलाज के लिए भेजा गया।












