28 मार्च, अलवर
जिले में बढ़ती गर्मी के चलते पेयजल व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर शनिवार अलसुबह अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर), उपखण्ड अधिकारी और तहसीलदार जलदाय विभाग की टीम के साथ फील्ड में पहुंचे और आमजन से सीधे फीडबैक लिया।
अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर बीना महावर ने अलवर के अल्कापुरी, शिवाजी पार्क, वीर सावरकर नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर जाकर पानी की आपूर्ति का निरीक्षण किया। उन्होंने जलदाय विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
नई बोरिंग में विद्युत कनेक्शन होते ही उन्हें चालू करना, खराब मोटर और उपकरणों की मरम्मत करना और पाइपलाइन लीकेज तुरंत ठीक करना निर्देशित किया गया। जिले के सभी उपखण्ड अधिकारियों और तहसीलदारों ने अपने क्षेत्रों में निरीक्षण कर टेल एंड इलाकों तक पानी की सप्लाई सुनिश्चित करने, टैंकरों के माध्यम से आवश्यकता अनुसार जल उपलब्ध कराने और अवैध कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए।
राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जिला प्रशासन लगातार पेयजल व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला पहले भी औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले चुकी हैं।
आमजन पेयजल संबंधी शिकायतें निम्न माध्यमों से दर्ज करवा सकते हैं —
अलवर वाटर मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल
- वॉर रूम (मिनी सचिवालय, कक्ष 108) 0144-2338000
- जलदाय विभाग कंट्रोल रूम 0144-2337900











