दतिया, 16 मई।
गोराघाट थाना क्षेत्र के सुनारी गांव में पीएचडी कर रही 26 वर्षीय युवती द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती ग्वालियर में रहकर अध्ययन कर रही थी और उसने मरने से पहले एक पृष्ठ का सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें अपने प्रेमी और उसकी दो बहनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुसाइड नोट में युवती ने लिखा कि उसका परिचित योगेश और उसकी दो बहनें उसकी मौत के जिम्मेदार हैं। उसने आरोप लगाया कि योगेश उसे धमकाता था कि वह या तो खुद मर जाएगा या उसे मार देगा और उसके फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। उसने यह भी लिखा कि वह थाने गई थी और वहां कार्रवाई भी चल रही थी, इसके बावजूद उस पर दबाव और उत्पीड़न जारी रहा।
युवती ने आगे उल्लेख किया कि योगेश की बहनें पूनम और प्रियंका उसके घर पहुंचकर हंगामा करती थीं और उसकी बहन की ससुराल में जाकर भी धमकी दी गई। इसके बाद ग्वालियर आकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई और गाली-गलौज कर सार्वजनिक रूप से बदनाम किया गया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि योगेश युवती को ग्वालियर के फूलबाग चौराहे से एक होटल में ले गया, जहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद अश्लील फोटो और वीडियो बनाए जाने की भी बात सामने आई है। परिजनों का कहना है कि गर्भवती होने पर युवती ने शादी का दबाव बनाया, लेकिन आरोपी ने इनकार कर दिया और फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा।
इस मामले में गोराघाट थाने में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। वहीं परिजनों ने ग्वालियर पुलिस पर समय रहते कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं।
युवती के भाई ने कहा कि यदि पुलिस ने पहले कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने बताया कि देर रात अनुपस्थिति में भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई, लेकिन पहले की शिकायतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया आत्महत्या का प्रतीत होता है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन तथा परिजनों के बयान के आधार पर विस्तृत जांच की जा रही है।




.jpg)





