फिरोजाबाद, 11 सितंबर।
सिरसागंज पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में वांछित एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपित के दो बैंक खातों में एक महीने के भीतर करीब 24 लाख रुपये साइबर ठगी की रकम के रूप में आए थे। उसके कब्जे से 10,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश घुनावत के अनुसार थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को किठोत मोड़ के पास कार्रवाई की। यहां से मूल रूप से बुलंदशहर निवासी अनुराग उर्फ गोपाल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अनुराग ने अपने साथी शैलेन्द्र और अन्य लोगों के साथ मिलकर मोबाइल फोन के जरिए दूसरे राज्यों के लोगों को निशाना बनाया। आरोपित फर्मों और होटलों को रेटिंग देने के नाम पर लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें अपनी बातों में फंसाकर रकम अपने बैंक खातों में जमा करवाते थे।
इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए शैलेन्द्र के बैंक खाते को लेकर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत मिली थी। इसके बाद अनुराग उर्फ गोपाल के खातों की जांच की गई। जांच में उसके खातों से जुड़ी कुल आठ शिकायतें सामने आईं।
पुलिस के अनुसार अनुराग के दो खातों में एक महीने के दौरान करीब 24 लाख रुपये साइबर ठगी के रूप में आए। मामले में शामिल शैलेन्द्र को 13 जुलाई को जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अनुराग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।















