जबलपुर, 11 सितंबर।
बरगी थाना क्षेत्र में पुलिस चेकिंग से बचकर भाग रहे स्कार्पियो चालक को पीछा कर पकड़ लिया गया। चालक ने पुलिस को देखकर वाहन की गति बढ़ाई और टोल प्लाजा का बूम बैरियर तोड़कर निकल गया। पीछा करने के दौरान कच्ची सड़क पर स्कार्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार पेट्रोलिंग के दौरान सूचना मिली थी कि काले रंग की स्कार्पियो से धूमा की ओर से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जबलपुर लाई जा रही है। इसके बाद ग्राम निगरी कैनाल के पास पुलिस टीम ने वाहनों की जांच शुरू की।
मुखबिर के बताए हुलिए की स्कार्पियो दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से जबलपुर की ओर भागने लगा। टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ने के बाद पुलिस ने उसका पीछा किया।
कुछ दूरी पर चालक ने स्कार्पियो को दून स्कूल के सामने भारत बेंज की ओर जाने वाली कच्ची सड़क पर मोड़ दिया। तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। स्कार्पियो क्षतिग्रस्त होने के बाद चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी में अलग-अलग ब्रांड की कुल 359 बोतल अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 4 लाख 1 हजार 560 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ एक मोबाइल फोन और शराब के परिवहन में इस्तेमाल स्कार्पियो भी जब्त की है।
पकड़े गए चालक की पहचान बेलखाड़ू निवासी आशुतोष शिवहरे के रूप में हुई है। पुलिस उससे शराब के स्रोत और उसे जबलपुर में पहुंचाने की जगह के बारे में पूछताछ कर रही है। मोबाइल फोन, वाहन दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शराब के आपूर्ति नेटवर्क की भी जानकारी जुटाई जा रही है।















