पटना, 30 मार्च 2026।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार विधानसभा की बांकीपुर सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। वह पिछले कई वर्षों से पटना पश्चिम और बांकीपुर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे और अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 2006 में पिताजी के आकस्मिक निधन के बाद उपचुनाव जीतकर की थी।
नितिन नवीन ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में उन्होंने अपने क्षेत्र और बिहार के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य किया। जनता और कार्यकर्ताओं के सहयोग से उन्हें लगातार पांच बार विधान सभा में निर्वाचित किया गया। उन्होंने सदन के भीतर और बाहर दोनों स्थानों का उपयोग अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और जनता की आवाज उठाने के लिए किया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मंत्री के रूप में काम करते हुए उन्होंने कई महत्वपूर्ण नीतियों और योजनाओं के क्रियान्वयन में सफलता पाई। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा दिए गए पारिवारिक भाव और सहयोग का हमेशा सम्मान करने की बात कही।
उन्होंने आश्वस्त किया कि नई भूमिका मिलने के बाद भी वह पटना और बिहार के विकास के लिए समर्पित रहेंगे। उनका कहना था कि जनता और कार्यकर्ताओं के साथ उनके अटूट संबंध उन्हें निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन देते रहेंगे। उन्होंने 2047 में विकसित भारत और विकसित बिहार बनाने के प्रयासों में लगातार योगदान देने का संकल्प भी व्यक्त किया।











