हॉकी
15 May, 2026

भारतीय हॉकी को नई दिशा, अंडर-18 स्तर पर अंतरराष्ट्रीय अनुभव से मजबूत हो रहा भविष्य

भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-18 हॉकी श्रृंखला के दौरान सरदार सिंह और रानी ने हॉकी इंडिया की पहल की सराहना करते हुए इसे युवा खिलाड़ियों के विकास और भविष्य की अंतरराष्ट्रीय सफलता के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

भोपाल, 15 मई।

भारतीय हॉकी के अनुभवी खिलाड़ी सरदार सिंह और रानी ने जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं के विकास तथा युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हॉकी इंडिया की पहल की सराहना की है। दोनों पूर्व कप्तान वर्तमान में भारतीय अंडर-18 पुरुष एवं महिला टीमों के मुख्य कोच के रूप में कार्यरत हैं।

अंडर-18 एशिया कप 2026 की तैयारियों के तहत भारतीय पुरुष और महिला अंडर-18 टीमें इस समय भोपाल स्थित साई सेंटर में ऑस्ट्रेलिया की अंडर-18 टीमों के साथ चार मैचों की श्रृंखला खेल रही हैं। यह एशिया कप इसी माह के अंत में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित किया जाएगा।

मैच श्रृंखला की शुरुआत से पूर्व आयोजित संवाद कार्यक्रम में सरदार सिंह और रानी ने कहा कि हॉकी इंडिया की यह पहल देश में हॉकी के भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम के मुख्य कोच सरदार सिंह ने कहा कि कम उम्र में खिलाड़ियों पर ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यही खिलाड़ी भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने हॉकी इंडिया द्वारा हर स्तर पर खेल को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने यह भी कहा कि हर वर्ष सब-जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा विभिन्न राज्यों में खिलाड़ियों को किट उपलब्ध कराना एक सराहनीय प्रयास है। यदि इसी तरह आधारभूत ढांचे, प्रशिक्षण व्यवस्था और सहयोग प्रणाली को मजबूत किया जाता रहा तो भारतीय हॉकी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

भारतीय अंडर-18 महिला टीम की मुख्य कोच रानी ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस आयु वर्ग के खिलाड़ियों को पहली बार ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिला है, जो उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अनुभव है।

उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की औसत आयु 15 से 16 वर्ष है और इनके सामने लंबा भविष्य है। यह खिलाड़ी आने वाले वर्षों में राष्ट्रमंडल खेल 2030 तथा ओलंपिक 2032 और 2036 में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकती हैं। प्रारंभिक स्तर पर मिला यह अंतरराष्ट्रीय अनुभव उनके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भारत और ऑस्ट्रेलिया अंडर-18 टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों का कार्यक्रम इस प्रकार है—पुरुष वर्ग में 15 मई शाम 5 बजे, 17 मई शाम 7 बजे, 18 मई शाम 5 बजे तथा 20 मई सुबह 10 बजे मैच खेले जाएंगे। महिला वर्ग में 15 मई शाम 7 बजे, 17 मई शाम 5 बजे, 18 मई शाम 7:30 बजे तथा 20 मई सुबह 8 बजे मुकाबले होंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़