भोपाल, 24 अगस्त।
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान द्वारा आज राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में “कंट्रीब्यूशन ऑफ सेंट्रली फंडेड इंस्टीट्यूशंस फॉर समृद्ध मध्य प्रदेश@2047” विषय पर एक दिवसीय राज्य स्तरीय कॉन्क्लेव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह ग्यारह बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया जाएगा।
जनसंपर्क अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस महत्वपूर्ण कॉन्क्लेव की मुख्य थीम “वन इंस्टीट्यूट–वन प्रॉमिस” निर्धारित की गई है। इस दौरान मुख्य सचिव द्वारा विकसित प्रदेश के भविष्य के विजन पर अपना मुख्य वक्तव्य दिया जाएगा, जबकि सुशासन संस्थान के उपाध्यक्ष और मुख्य वैज्ञानिक सलाहकार भी अपने विचार साझा करेंगे।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में आर्थिक विकास और सामाजिक सशक्तिकरण जैसे गंभीर विषयों पर व्यापक चर्चा और कार्य योजना तैयार की जाएगी। इस चर्चा में विभिन्न केंद्रीय संस्थानों के अधिकृत प्रतिनिधि और शासन के वरिष्ठ अधिकारी अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।















