भोपाल, 27 अगस्त।
मध्य प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम युवाओं के विचारों, ऊर्जा और प्रतिभा को विकसित भारत के विजन से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेलों पर चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम भी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के जरिए देशभर के युवाओं से वर्चुअली संवाद किया। भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सहभागिता की और प्रधानमंत्री के संवाद को सुना।
कार्यक्रम के बाद मंत्री सारंग ने युवाओं से बातचीत कर उनके सुझाव और विचार जाने। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया।
मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को केवल प्रतियोगिता और पदक तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे युवा सशक्तिकरण और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत में आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। प्रतिभाओं की पहचान से लेकर प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने तक हर स्तर पर सहयोग दिया जा रहा है।
मंत्री सारंग ने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं, जो मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सहायक हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को पहचानकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र बनाने का प्रभावी साधन भी हैं।
मंत्री सारंग ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव हैं।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण सचिव संजीव सिंह, संचालक अंशुमान यादव, अपर सचिव अजय श्रीवास्तव, साई भोपाल के क्षेत्रीय निदेशक अभिषेक चौहान, माय भारत के वालंटियर्स, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।















