भोपाल, 24 मार्च।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को दतिया जिले के भांडेर में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री 62 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और शासन की कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित करेंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी हितेन्द्र सिंह भदौरिया ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में आयोजित किसान सम्मेलनों की श्रृंखला के तहत भांडेर स्थित मंडी प्रांगण में यह विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर पीजी कॉलेज दतिया में विज्ञान संकाय भवन व केंटीन, माता रतनगढ़ समग्र विकास योजना में यात्री निवास भवन, पुलिस लाइन परिसर में रक्षित निरीक्षक कार्यालय, 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र एवं 3.15 एमवीए पॉवर परिणामित्र-2, सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भांडेर, ततारपुर स्टेडियम और पण्डोखर धाम तथा रामगढ़ माता मंदिर के पास विश्राम गृह निर्माण कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा रतनगढ़ माता मंदिर में 33/11 केव्ही 5 एमवीए उप-केन्द्र और सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भांडेर में 50-50 सीटर बालक व बालिका छात्रावास का भूमि-पूजन भी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री का दोपहर 12.25 बजे हैलीकॉप्टर द्वारा भांडेर आगमन होगा। विशाल किसान सम्मेलन में भाग लेने के बाद दोपहर 1.30 बजे वे हैलीकॉप्टर द्वारा भांडेर से रवाना होंगे और लगभग 2 बजे राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल, महाराजपुरा पहुँचेंगे। इसके बाद ग्वालियर विमानतल से वे विमान द्वारा नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।












