वाराणसी, 03 नवंबर।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में मंगलवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कर्नाटक शास्त्रीय संगीत के महान संगीतकार मुत्तुस्वामी दीक्षितर की 250वीं जयंती के उपलक्ष्य में 250 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। विश्वविद्यालय के स्वतंत्रता भवन सभागार में आयोजित समारोह का शुभारंभ वित्त मंत्री और कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
यह आयोजन आईआईटी बीएचयू के भारतीय ज्ञान परंपरा उत्कृष्टता केंद्र की ओर से किया गया। इस दौरान निर्मला सीतारमण ने मुत्तुस्वामी दीक्षितर के जीवन, उनकी संगीत साधना और भारतीय शास्त्रीय संगीत को दिए गए अमूल्य योगदान को याद किया।
वर्ष 1775 में जन्मे मुत्तुस्वामी दीक्षितर को कर्नाटक संगीत की महान त्रिमूर्ति में शामिल किया जाता है। त्यागराज और श्यामा शास्त्री के साथ उन्होंने इस संगीत परंपरा को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी रचनाओं में विभिन्न रागों की विशेषताओं के साथ भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की गहरी झलक मिलती है।
संगीतकार, गायक और वीणा वादक के रूप में दीक्षितर ने अपनी कालजयी रचनाओं से कर्नाटक शास्त्रीय संगीत को नई पहचान दी। उनकी संगीत साधना और रचनात्मक विरासत आज भी भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है।
बीएचयू के संगीत एवं मंच कला संकाय के पूर्व प्रमुख प्रो. राजेश शाह ने कहा कि मुत्तुस्वामी दीक्षितर अपनी असाधारण प्रतिभा और रचनात्मकता के कारण भारतीय शास्त्रीय संगीत में विशिष्ट स्थान रखते हैं। त्यागराज और श्यामा शास्त्री के साथ उनकी रचनाएं आज भी संगीत साधकों को प्रेरित करती हैं।
समारोह में मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने स्मारक सिक्के की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 250 रुपये मूल्यवर्ग के इस सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा। इसे चार धातुओं के मिश्रण से तैयार किया गया है, जिसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा और पांच-पांच प्रतिशत निकल तथा जस्ता शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिक्का सामान्य लेन-देन के लिए जारी नहीं किया गया है। इसे महान संगीतकार की 250वीं जयंती की स्मृति में विशेष स्मारक के रूप में तैयार किया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य मुत्तुस्वामी दीक्षितर के जीवन, संगीत रचनाओं और भारतीय संस्कृति में उनके योगदान से नई पीढ़ी को परिचित कराना तथा देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा को सम्मान देना रहा।
इससे पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचने पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं पार्टी के प्रोटोकॉल प्रभारी शैलेश पांडेय सहित अन्य नेता मौजूद रहे।















