बिलासपुर, 27 मार्च 2026।
जिले के कोनी स्थित शासकीय पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं और 10 किलोमीटर के दायरे में चिकन और अंडों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
प्रशासन ने नगर निगम, पशुपालन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीमों के माध्यम से इलाके में निगरानी तेज कर दी है। पोल्ट्री फार्म, चिकन सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट्स में चिकन व अंडों की बिक्री और उपयोग पर नजर रखी जा रही है, जबकि उल्लंघन पाए जाने पर सामग्री जब्त कर नष्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में निगरानी के लिए 9 टीमें बनाई गई हैं, प्रत्येक में चार सदस्य शामिल हैं, जो लगातार शहरी और ग्रामीण इलाकों में सतर्कता बरत रही हैं।
संक्रमण को देखते हुए सेंदरी, मोपका, तोरवा, लालखदान, राजकिशोर नगर, तिफरा, सकरी, उसलापुर और तारबाहर सहित आसपास के इलाकों में विशेष सावधानी अपनाई जा रही है। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि टीमों के आने पर दुकानें बंद हो जाती हैं, लेकिन लौटने के बाद फिर खुल जाती हैं।
पोल्ट्री प्रक्षेत्र में साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसकी रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी। प्रक्रिया पूरी होने में 7 से 10 दिन का समय लग सकता है, तब तक प्रतिबंध जारी रहेगा। संक्रमित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में सख्त पाबंदियां लागू हैं और बाहर से चिकन या अंडे लाने पर कार्रवाई होगी।
स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। सकरी, जोंधरा और घुटकू से मृत मुर्गियों की सूचना मिली है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने कोनी क्षेत्र में सर्वे अभियान चलाकर 135 घरों की जांच की, जिसमें तीन लोगों में सामान्य सर्दी-बुखार के लक्षण पाए गए।
इस प्रतिबंध का असर व्यापार पर भी पड़ा है। प्रभावित क्षेत्र में करीब 150 दुकानों के माध्यम से रोजाना 20 टन चिकन और 3 लाख अंडों की बिक्री होती थी, जिससे लगभग 50 लाख रुपये का दैनिक कारोबार प्रभावित हो रहा है। कई रेस्टोरेंट्स ने एहतियातन अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए हैं, जबकि अन्य स्थानों पर चिकन और अंडों के आइटम उपलब्ध नहीं हैं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि हालात सामान्य होने तक चिकन और अंडों की खरीदारी से परहेज करें।












