खूंटी, 30 मार्च 2026।
रामनवमी महोत्सव के दौरान मुरहू में दो समुदायों के बीच हुई विवादित घटना के बाद पुलिस द्वारा हिंदू समुदाय के कुछ सदस्यों की गिरफ्तारी के खिलाफ और उनकी बिना शर्त रिहाई की मांग को लेकर केंद्रीय रामनवमी महासमिति के आह्वान पर खूंटी जिला में सोमवार को पहले दिन जोरदार बंद देखने को मिला।
खूंटी जिला मुख्यालय के साथ-साथ तोरपा, कर्रा, रनिया, मुरहू और अड़की प्रखंड क्षेत्रों में बंद व्यापक रूप से लागू रहा। सुबह से ही सभी दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के ताले लगे रहे। हालांकि, यातायात बाधित नहीं हुआ और वाहनों का परिचालन सामान्य रहा। प्रशासन ने बंद की स्थिति को देखते हुए पूरे जिले में अलर्ट मोड में रहकर निगरानी बढ़ा दी है। स्थानीय हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि जब तक गिरफ्तार रामभक्तों को बिना शर्त रिहा नहीं किया जाता, तब तक बंद जारी रहेगा।












