बिलासपुर, 01 अप्रैल
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक नाबालिग छात्रा की हत्या की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि छात्रा को उसके कथित बॉयफ्रेंड ने चलती ट्रेन से धक्का देकर जान से मार डाला। यह वारदात मस्तूरी थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास अज्ञात शव मिलने के बाद उजागर हुई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी।
पुलिस जांच में पता चला कि मृतका खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की 14 वर्षीय छात्रा थी, जो 28 मार्च की रात से लापता थी। छात्रा अपने परिचित मोहन वर्मा और दो अन्य युवकों के साथ घर से निकली थी। सभी डोंगरगढ़ से वेनगंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कोरबा जा रहे थे, जहां ट्रेन में किसी बात को लेकर छात्रा और उसके कथित बॉयफ्रेंड के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्से में आकर मोहन वर्मा ने छात्रा को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार को मस्तूरी पुलिस को रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। पहचान न होने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखवाया गया और आसपास के थानों को सूचना दी गई। इसके बाद खैरागढ़ क्षेत्र से एक नाबालिग के लापता होने की जानकारी मिली, जिसके बाद परिजनों ने शव की पहचान की। मृतका की पहचान 8वीं कक्षा की छात्रा के रूप में हुई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी मोहन वर्मा, हरीश वर्मा और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि मृतका चार बहनों में से एक थी और उसके पिता स्थानीय हाईस्कूल में कार्यरत हैं, जबकि उसकी मां आंगनबाड़ी में रसोइया के रूप में काम करती हैं। इस घटना के बाद मृतका के परिवार में गहरा शोक है।












