सोनभद्र, 27 अप्रैल
म्योरपुर थाना क्षेत्र के आरंगपानी ग्राम पंचायत के झरईलटोला में सोमवार सुबह एक बालिका का खून से सना शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतका रविवार शाम घर से दुकान पर सामान लेने निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी थी।
पुलिस के अनुसार, 12 वर्षीय बालिका शाम के समय घर के पास स्थित दुकान पर गई थी। दुकान से सामान लेकर वह वापस घर की ओर लौट रही थी, लेकिन देर रात तक उसके नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद उसके मामा अखिलेश ने पुलिस को सूचना देकर शिकायत दर्ज कराई।
सोमवार सुबह घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर झाड़ियों में उसका शव मिला, जो खून से लथपथ था। परिजनों के मुताबिक, बालिका के गले पर भी चोट के निशान दिखाई दिए हैं। परिजनों ने इस घटना में दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडे और थाना प्रभारी रविकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच प्रारंभ कर दी है और उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।













