बरेली, 25 मार्च 2026।
बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी इलाके में बुधवार सुबह पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 25 हजार रुपये का इनामी गौकश कामिल उर्फ नक्ता घायल हो गया। आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि एक उपनिरीक्षक भी मामूली रूप से घायल हुआ।
पुलिस ने मौके से आरोपित के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और गौकशी से जुड़े उपकरण बरामद किए हैं। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हाइवे शिवम आशुतोष ने बताया कि सुबह करीब 5:35 बजे सूचना मिली कि इनामी अपराधी जंगल क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की।

घिरने पर कामिल ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार को छूती हुई निकल गई। जवाबी फायरिंग में गौकश कामिल के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
आरोपित मूलतः थाना फतेहगंज, पीलीभीत जिले का रहने वाला है। उसके पास से .315 बोर अवैध तमंचा, खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और गौकशी के उपकरण बरामद हुए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई।
पुलिस के अनुसार कामिल पर गौकशी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 15 गंभीर मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।











