जिले के बिवांर थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में जीजा की गोली मारकर हत्या करने वाले चचेरे साले और उसके साथी को पुलिस ने आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को शुक्रवार को दबिश के दौरान पकड़ते हुए मामले में बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार पाटनपुर गांव निवासी सचिन सिंह उर्फ शैलेंद्र मौदहा के मराठीपुरा मोहल्ले में अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार शाम वह पत्नी वर्षा की मौसी के पुत्र की शादी में शामिल होने छानी गांव स्थित गेस्ट हाउस पहुंचा था, जहां उसका चचेरे साले शिवेंद्र उर्फ बउआ से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी विवाद के चलते शिवेंद्र ने देर रात अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन की गोली मारकर हत्या कर दी और घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को हाईवे पर फेंककर फरार हो गया था।
मृतक के पिता ने थाने में शिवेंद्र सिंह उर्फ बउआ और दीपक को नामजद करते हुए एक अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपितों को महेरा मोड़ पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया, जहां से हत्या में प्रयुक्त 15 बोर का तमंचा और एक खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं और आगे की कार्रवाई की जा रही है।










.jpg)
.jpg)



