मुरैना, 27 अप्रैल
जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया, जिसमें एक तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद बस का पहिया महिला के शरीर पर चढ़ गया और उसे करीब तीस फीट तक घसीटता चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य अत्यंत भयावह था, जिसे देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। बस के पहिए के नीचे आने से महिला का सिर और पैर बुरी तरह कुचल गए तथा सड़क पर खून और मांस के अवशेष फैल गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन बुलाकर बस को उठवाया गया, जिसके बाद शव को बाहर निकाला जा सका।
पुलिस के मुताबिक बरई का पुरा, थाना बानमोर निवासी कमला बघेल (40) अपने परिजनों और अन्य महिलाओं के साथ दिमनी क्षेत्र के भगपुरा गांव में रिश्तेदारी में फेरा करने जा रही थीं। वे बस पकड़ने के लिए पैदल बेरियर की ओर बढ़ रही थीं, तभी यह हादसा हो गया।
टक्कर लगने के बाद महिला सड़क पर गिर गई, लेकिन चालक ने बस नहीं रोकी और पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। भारी वाहन के दबाव से शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और आंतें व मांस सड़क पर फैल गए।
करीब दस फीट तक सड़क पर फैले इस मंजर ने मौके पर मौजूद लोगों को स्तब्ध कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।













