जौनपुर, 21 मार्च।
जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-जौनपुर मार्ग पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। कोदहूं गांव के पास सिविल लाइन्स डिपो की एक रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही जान चली गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक बस (यूपी 70 क्यूटी 3038) लगभग 35 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे कोदहूं गांव के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई और खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। एक गंभीर घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बस चालक सतीश गुप्ता (45) निवासी लवायन भावनपुर, थाना खुटहन की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद घायल हुए हैं। सभी का उपचार जारी है।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना या ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।












