शिमला, 18 मार्च।
शिमला जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। भद्राश के पास मछाड़ा खड्ड में ट्रक सड़क से नीचे गिर गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान आयुष के रूप में हुई है, जो शिमला के शोघी क्षेत्र के शिलगांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार घायल चालक को खनेरी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 17 मार्च की रात करीब 9:44 बजे हेल्पलाइन 112 पर सूचना मिली कि ट्रक खड्ड में गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां ट्रक (HP64A-9760) सड़क से लगभग 30-35 फीट नीचे क्षतिग्रस्त हालत में मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर चालक को बाहर निकाला और खनेरी अस्पताल पहुंचाया।
जांच में यह भी सामने आया कि हादसे से पहले ट्रक ने दत्तनगर इलाके में खड़ी कुछ गाड़ियों को टक्कर मारी थी, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह चालक की लापरवाही मानी जा रही है।
खनेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया। रास्ते में हालत बिगड़ने पर उसे ठियोग अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस थाना रामपुर में इस मामले में बीएनएस की धारा 281 और 125 (ए) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।












