30 मार्च 2026, भोपालराजधानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 40 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर जीतू यादव को महाराष्ट्र के जलगांव से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से गिरफ्त से बाहर था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
पुलिस के अनुसार, जीतू यादव पर दो अलग-अलग मामलों में इनाम घोषित किया गया था। 2 जनवरी 2026 को दो गुटों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में वह मुख्य आरोपी था। इस घटना में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज किया गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि फरारी के दौरान आरोपी आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बना रहा। उसके खिलाफ थाना कजलीखेड़ा और कोलार क्षेत्र में भी कई मामले दर्ज किए गए थे। पुलिस से बचने के लिए वह लगातार स्थान बदलते हुए महाराष्ट्र पहुंच गया था।
सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे जलगांव से दबोच लिया। अब कोलार थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर भोपाल ला रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य मामलों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं और उसके नेटवर्क के बारे में भी जानकारी मिल सकती है।











