भोपाल, 31 मार्च।
राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में मामूली विवाद ने रविवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया। ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश करने पर आरोपियों ने 35 साल के चाय कारोबारी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी।
इसके बाद युवक की हत्या से आक्रोशित परिजनों और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार सुबह सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम करने के साथ थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान परिजन का पुलिस से विवाद भी हुआ। पुलिस की समझाइश के बाद करीब एक घंटे बाद जाम खुल सका। इसके बाद मृतक के परिजनों ने हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी के सामने भी हंगामा किया।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामूली विवाद में हत्या हुई है। तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक विजय मेवाड़ा सुभाष कॉलोनी का रहने वाला था। वह अशोका गार्डन और कोलार इलाके में चाय की दो होटल चलाता था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे वह होटल बंद कर कर्मचारियों को छोडऩे प्रगति नगर गया था।
यहां मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ बैठा था। सभी मृतक के कर्मचारियों के पुराने दोस्त बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने सुबह जल्दी काम होने का हवाला देकर मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। विजय ने इसका विरोध किया। उसने आसिफ को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। आसिफ ने चाकू निकालकर विजय के पेट में घोंप दिया।
उसके साथियों ने भी मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल विजय को कर्मचारी और स्थानीय लोग फौरन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।




.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


