06 अप्रैल, सागर।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का एक दिल छू लेने वाला उदाहरण सामने आया है। थाना मोतीनगर अंतर्गत शांति नगर इलाके में भटक रही चार वर्षीय बच्ची को डायल-112 की टीम ने न केवल सुरक्षित ढूँढ निकाला, बल्कि उसे उसके परिवार तक सही सलामत पहुँचाया।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात लगभग 9 बजे भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मोतीनगर क्षेत्र में एक छोटी बच्ची अकेली और घबराई हुई घूम रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 की एफआरव्ही (FRV) टीम मौके पर पहुँची। प्रधान आरक्षक संतोष पटेल और पायलट ललित दीवान ने बच्ची को अपनी सुरक्षा में लिया, उसे शांति और स्नेह दिया और पहचान के लिए आस-पड़ोस में जानकारी जुटाई।
टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आसपास के मैरिज गार्डन और सार्वजनिक समारोहों में बच्ची के बारे में पूछताछ की। इसी दौरान पास ही चल रहे एक विवाह समारोह में पता चला कि एक परिवार अपनी गायब बच्ची की तलाश में परेशान है। आवश्यक सत्यापन और बच्ची द्वारा परिजनों की पहचान के बाद, उसे सुरक्षित परिवार के पास सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि वे शादी की तैयारियों और खुशियों में व्यस्त थे, इसी बीच बच्ची अनजाने में गेट से बाहर निकल गई और रास्ता भटक गई। बच्ची को सुरक्षित पाकर माता-पिता भावुक हो गए और सागर पुलिस के सहयोग और संवेदनशीलता की सराहना की।


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



