नोएडा, 11 मार्च।
उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की नोएडा यूनिट ने 50 हजार रुपए के इनामी बदमाश अमित शर्मा उर्फ गोल्डी को गिरफ्तार किया है, जो जनपद अलीगढ़ से वांछित था।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ (नोएडा यूनिट) राजकुमार मिश्रा ने बताया कि खुर्जा के निर्माणाधीन एक स्कूल के पास से बीती रात अमित शर्मा को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी नौरंगाबाद, जनपद अलीगढ़ का निवासी है और उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पूछताछ में पता चला कि वर्ष 2003 में अमित शर्मा ने अपने साथी सुनील के साथ मिलकर रेलवे अधिकारी से अलीगढ़ के थाना दिल्ली गेट क्षेत्र में लूट की घटना को अंजाम दिया था। जेल से छूटने के बाद उसने नकली करेंसी बनाने का काम शुरू कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2019 में आरोपी ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर लूटपाट की थी और इसी दौरान एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था, जिससे वह वांछित हो गया था। इसके खिलाफ अलीगढ़ पुलिस ने 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया था।
अमित शर्मा के खिलाफ लूटपाट, हत्या के प्रयास, नकली करेंसी बनाने समेत विभिन्न धाराओं में पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं और अब पुलिस उसकी कानूनी कार्रवाई कर रही है।












