कोडरमा, 31 मार्च।
कोडरमा थाना क्षेत्र के मेघातरी में मंगलवार की सुबह जंगल के किनारे पैरी माइंस के समीप एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस गहन जांच में जुटी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला की हत्या कहीं और हुई होगी और शव को बोरे में डालकर किसी वाहन से इस स्थान पर फेंका गया। सुबह कुछ ग्रामीण जब टहल रहे थे, तब उन्होंने सड़क किनारे प्लास्टिक के बोरे में कुछ देखा। पास जाकर देखा तो महिला के पैर बोरे से बाहर निकले हुए थे। इसके बाद उन्होंने आसपास के ग्रामीणों को सूचना दी और कोडरमा थाना पुलिस को सूचित किया।
पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है।
याद रहे, मात्र एक महीने पहले ही कोडरमा थाना क्षेत्र के जेजे कॉलेज के सामने होली फैमिली अस्पताल की बाउंड्री वॉल के भीतर इसी तरह अर्धनग्न महिला का शव मिला था, जिसका सिर गायब था और शिनाख्त नहीं हो पाई थी। इस नए मामले ने लोगों में चिंताएं और चर्चा बढ़ा दी है।












