कान्स, 20 मई ।
कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने अपने बेहद सादगीभरे और आकर्षक अंदाज से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। रेड कार्पेट पर वह क्रीम रंग की स्टाइलिश ड्रेस में नजर आईं, जिसमें गले के पास पट्टियों का डिजाइन और नीचे प्लिट्स वाली स्कर्ट शामिल थी।
उनके इस खास लुक को स्टाइलिस्ट सानम रत्नासी ने तैयार किया था, जिसने उन्हें एक अलग और सॉफ्ट एलीगेंस वाला अंदाज दिया। अदिति का यह लुक कान्स में दिखने वाले पारंपरिक ग्लैमर और भारी-भरकम फैशन से बिल्कुल अलग माना जा रहा है।
अपने लुक को और प्रभावशाली बनाने के लिए उन्होंने बोल्ड डिजाइन वाले गहनों का चयन किया, जिसने उनकी सादगी में एक खास निखार जोड़ दिया। इससे पहले भी कान्स में उनका एक अलग अंदाज सामने आया था, जहां वह चमकीले हरे रंग के गाउन में रेड कार्पेट पर नजर आई थीं। दोनों ही लुक सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहे हैं।
फिल्मों की बात करें तो अदिति राव हैदरी हाल ही में साइलेंट फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ में नजर आई थीं, जिसमें बिना संवाद के उनके अभिनय की काफी सराहना हुई थी। कान्स में उनकी उपस्थिति ने एक बार फिर भारतीय सिनेमा और फैशन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खास पहचान दिलाई है।






.jpg)






