पाल, 13 अप्रैल
शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चरस की तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 1.630 किलोग्राम अवैध चरस जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर एमपी नगर जोन-1 क्षेत्र में गायत्री मंदिर के पास मेटोश्वर महादेव मंदिर के पीछे स्थित मैदान में घेराबंदी की गई। यहां से मंजूर मोहम्मद खान उर्फ जुनेद (39 वर्ष) को एक्टिवा वाहन के साथ पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 126.45 ग्राम चरस, एक मोबाइल फोन और वाहन बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह यह मादक पदार्थ शाहजहांनाबाद निवासी नौशीन खान से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस टीम ने अमीरगंज इलाके में दबिश देकर नौशीन खान (30 वर्ष) और उसके पति जावेद खान (40 वर्ष) को हिरासत में लिया। घर की तलाशी में वाशिंग मशीन के ड्रायर में छिपाकर रखे बैग से करीब 1.5 किलोग्राम चरस, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और मोबाइल फोन जब्त किए गए।
जांच में खुलासा हुआ कि नौशीन खान अपने घर से चरस की छोटी मात्रा में बिक्री करती थी, जबकि जावेद खान बाहर से मादक पदार्थ लाकर सप्लाई करता था। दोनों मिलकर इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहे थे।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार जावेद खान के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
शहर में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल दें, जिससे इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके।










.jpg)