नई दिल्ली, 19 अप्रैल।
द्वारका जिले के छावला क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके पर ही काबू कर लिया गया। दोनों के पास से हथियार और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल को श्याम विहार फेज-2 इलाके में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई थी। इस मामले में 18 अप्रैल को छावला थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने शिकायतकर्ता के नजदीक जाकर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन पिस्टल में खराबी के चलते फायर नहीं हो सका और आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की टीम ने आरोपितों की तलाश तेज कर दी। इसी दौरान 19 अप्रैल की सुबह यूईआर के पास दोनों संदिग्धों को घेर लिया गया। पुलिस ने जब उन्हें आत्मसमर्पण के लिए कहा तो एक आरोपी ने टीम पर गोली चला दी, जिससे एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी।
इसके बाद पुलिस ने संयम बरतते हुए जवाबी कार्रवाई की और नियंत्रित फायरिंग में आरोपी को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। दूसरे आरोपी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की पहचान रॉकी और सुमित उर्फ कोकी के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद हुए, जबकि दूसरे के पास से देशी हथियार और जिंदा कारतूस मिला। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मुठभेड़ के संबंध में भी अलग से मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










