रायपुर, 16 मई।
सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को अचानक जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड स्थित ग्राम कोसला पहुंचकर कोसला धाम का दौरा किया, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया।
यहां उन्होंने प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री के मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर सेवा समिति तथा ग्रामीणों ने पारंपरिक लोकनृत्य के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ. पी. चौधरी भी मौजूद रहे।
मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री को माता कौशल्या मंदिर का स्मृति स्वरूप आकर्षक चित्र भेंट किया गया। साथ ही समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में कोसला धाम को शामिल किए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद भी किया। उनके अचानक आगमन से पूरे क्षेत्र में उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण देखा गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण उपस्थित रहे।








