जिले के 20 श्रद्धालु मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत शुक्रवार देर रात एक विशेष ट्रेन से पवित्र धार्मिक यात्रा के लिए रवाना हुए, जिनमें सभी लाभार्थी दादरी और रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से इस ट्रेन में सवार होकर यात्रा पर निकले।
यह पांच दिवसीय धार्मिक यात्रा सिख धर्म के प्रमुख आस्था केंद्र श्री नांदेड़ साहिब के दर्शन के लिए निर्धारित है। जिला प्रशासन की ओर से यात्रियों को यात्रा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान कर उन्हें रवाना किया गया।
यात्रा पर गए बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने बताया कि इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ लेने की प्रक्रिया पूरी तरह सरल और पारदर्शी रही है। उन्होंने कहा कि सभी लाभार्थियों ने सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, जिसके बाद पात्रता जांच कर चयन सुनिश्चित किया गया।
श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक और पारदर्शी व्यवस्था के कारण बुजुर्गों को घर बैठे तीर्थ यात्रा का अवसर मिल सका है, जो पहले आर्थिक कारणों से संभव नहीं हो पाता था।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों से कई बुजुर्ग तीर्थ यात्रा की इच्छा रखते थे, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण वह पूरी नहीं हो पा रही थी, जिसे अब इस योजना ने साकार किया है। उनका मानना है कि यह यात्रा धार्मिक महत्व के साथ-साथ मानसिक शांति, नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार भी करती है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रबंध किए गए हैं और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर देने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।













.jpg)
.jpg)