जबलपुर, 11 सितम्बर।
मां नर्मदा के तटों और घाटों पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर तथा व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी उद्देश्य से निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शुक्रवार सुबह सात बजे अपनी पूरी टीम के साथ नर्मदा तटों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न घाटों पर पहुंचकर मौजूदा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि मां नर्मदा के दर्शन और स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
निगमायुक्त ने कहा कि नर्मदा तटों पर 24 घंटे स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए कचरा प्रबंधन को मजबूत करते हुए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों के साथ आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और रात के समय घाटों की सुंदरता को ध्यान में रखते हुए सभी घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को भी बेहतर और व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।
घाटों तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ साफ-सुथरा और सुगम बनाया जाएगा। इससे पर्व और विशेष अवसरों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। निगम प्रशासन ने घाटों की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त, अधीक्षण यंत्री, उपायुक्त, स्वास्थ्य अधिकारी, कार्यालय अधीक्षक, संभागीय अधिकारी और मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सहित नगर निगम का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।















