Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव
मध्य प्रदेश
07 Sep, 2026

चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर घटा, सफाई और राहत कार्यों में जुटा प्रशासन

मंदाकिनी नदी का जलस्तर घटने के बाद चित्रकूट में प्रशासन सफाई, राहत वितरण, बिजली बहाली और प्रभावितों की सहायता में जुटा है।

चित्रकूट, 7 सितंबर।

मंदाकिनी नदी का जलस्तर कम होने के बाद चित्रकूट में जनजीवन को पूरी तरह सामान्य बनाने के लिए जिला प्रशासन राहत, सफाई और आवश्यक जनसुविधाओं की बहाली में लगातार जुटा है। प्रभावित क्षेत्रों में अलग-अलग विभागों की टीमें पहुंचकर कीचड़, रेत और मलबा हटाने के साथ स्वच्छता अभियान चला रही हैं।

रविवार सुबह छह बजे आरोग्यधाम के पास मंदाकिनी नदी का जलस्तर 135.32 मीटर दर्ज किया गया। नदी का अधिकतम जलस्तर 139.60 मीटर है। जलस्तर में लगातार कमी आ रही है और प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर बनाए हुए है।

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने चित्रकूट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने भरत घाट, राघव प्रयाग घाट और नयागांव में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लिया तथा राहत, सफाई और पुनर्बहाली कार्यों की प्रगति देखी।

दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों से बाढ़ के बाद की स्थिति की जानकारी ली। सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य प्रभावित स्थानों पर चल रहे सफाई कार्यों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने नयागांव तथा राघव प्रयाग घाट क्षेत्र के उन घरों का भी निरीक्षण किया, जहां बाढ़ का पानी घुसने से नुकसान हुआ। स्थानीय लोगों से चर्चा कर उन्हें नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया गया।

राघव प्रयाग घाट पर सफाई अभियान का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने सोमवार से नगर निगम का सफाई अमला बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने 50-50 सफाई कर्मियों की दो टीमें घाटों पर लगाने को कहा। एक टीम भरत घाट और दूसरी राघव प्रयाग घाट की ओर सफाई करेगी।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर विकास सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह और एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारियों ने किया श्रमदान

बाढ़ प्रभावित नदी घाटों और बस्तियों को जल्द स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सतना कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी भी रविवार को चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने श्रमदान कर सफाई कार्य को गति दी।

कलेक्ट्रेट की टीम ने भरत घाट पर जमा रेत और मलबा हटाया। लोगों द्वारा घरों और दुकानों से निकालकर सड़क किनारे रखी गई कीचड़ तथा रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर हटाने में भी सहयोग किया।

सुबह 11 बजे पहुंची टीम ने भोजन अवकाश के बाद दोबारा भरत घाट पर सफाई कार्य शुरू किया। श्रमदान के माध्यम से पूरे भरत घाट की सफाई की गई।

इसी तरह जनपद पंचायत मझगवां के अधिकारियों, मैदानी कर्मचारियों तथा सरपंच-सचिवों की टीम ने मंदाकिनी नदी के दूसरी ओर नयागांव बाजार क्षेत्र में करीब 300 मीटर हिस्से में विशेष सफाई अभियान चलाया।

टीम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय नयागांव की सफाई के साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कीचड़ एवं गाद हटाई। नगर परिषद चित्रकूट और नगर निगम सतना की टीमें भी गलियों, घाटों तथा अन्य प्रभावित इलाकों में लगातार सफाई कर रही हैं।

बाढ़ के बाद संक्रमण की रोकथाम और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में कीटाणुनाशक छिड़काव और ब्लीचिंग पाउडर डाला जा रहा है। इसी क्रम में सियाराम कुटी के सामने मुख्य मार्ग पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया।

उद्यानिकी विभाग ने उपलब्ध कराईं 60 सूखा राशन किट

मंदाकिनी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों को नगर परिषद की दीनदयाल रसोई से ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन पैकेट बनाकर मोहल्लों में पहुंचाया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक व्यक्तियों, संगठनों, समाजसेवियों और संस्थाओं से मिलने वाली राहत सामग्री को व्यवस्थित ढंग से प्रभावितों तक पहुंचाने के लिए वन विभाग के गोदाम में भंडारण केंद्र बनाया गया है।

यह केंद्र चित्रकूट विकास प्राधिकरण के पास स्थापित किया गया है। यहां राहत सामग्री और सूखे खाद्यान्न के पैकेट तैयार कर प्रभावित परिवारों तक पहुंचाए जा रहे हैं।

रविवार को उप संचालक उद्यानिकी अनिल सिंह और विभागीय कर्मचारियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए 60 सूखा राशन किट उपलब्ध कराईं। प्रत्येक किट में 10 किलो चावल, दो किलो दाल, एक किलो खाद्य तेल और एक किलो नमक शामिल है।

दीनदयाल रसोई में चौबीस घंटे बन रहा भोजन

बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए चित्रकूट की दीनदयाल रसोई चौबीस घंटे संचालित की जा रही है। यहां लगातार भोजन तैयार कर पैकेटों के रूप में वाहनों से प्रभावित क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है।

राहत और सफाई कार्य में लगी प्रशासनिक टीमें लगातार भोजन पैकेटों का वितरण कर रही हैं। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेंद्र सिंह और एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने दीनदयाल रसोई पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने स्वयं भोजन ग्रहण कर यह सुनिश्चित किया कि बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

अब तक 3074 प्रभावितों को 1 करोड़ 58 लाख 64 हजार रुपये सहायता

जिले में अतिवृष्टि और बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने तथा जनसुविधाएं बहाल करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस के नेतृत्व में राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सर्वेक्षण और राहत कार्य कर रही हैं।

6 सितंबर 2026 तक जिले के 3074 प्रभावित परिवारों के प्रकरणों में एक करोड़ 58 लाख 64 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत कर वितरण की प्रक्रिया जारी है।

चार ट्रांसफार्मर प्रभावित, बिजली बहाली का काम तेज

बाढ़ के कारण चार ट्रांसफार्मर प्रभावित हुए हैं, जिससे 272 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हुई है। करीब 42 बिजली के खंभों की लाइन बाढ़ में बह गई है। इनके पुनर्निर्माण और विद्युत लाइन बहाल करने का कार्य जारी है।

बिजली विभाग प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास कर रहा है। नयागांव के राघव प्रयाग घाट क्षेत्र में 11 केवी लाइन खड़ी करने का काम प्रगति पर है।

पुरानी लंका क्षेत्र में लाइन को दुरुस्त कर डूबे हुए वितरण ट्रांसफार्मर को बदल दिया गया है। इसके बाद वहां बिजली आपूर्ति फिर से शुरू कर दी गई है।

|
वीडियो फीचर

शिवपुरी में शराब दुकान बंद कराने पहुंचीं महिलाओं का पुलिस से विवाद, लाठियां चलीं


पांढुरना में गोटमार परंपरा के नाम पर बरसे पत्थर, 700 पुलिसकर्मी तैनात

जहरीली शराब कांड का आरोपी रवि लखेरा एनकाउंटर में घायल, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

सागर जहरीली शराब कांड पर CM मोहन यादव का बड़ा बयान | दोषियों को ऐसा सबक सिखाएंगे!

भोपाल में जूनियर डॉक्टरों का स्टाइपेंड बढ़ाने का आंदोलन, सड़क जाम से भारी ट्रैफिक

शिक्षक दिवस पर CM मोहन यादव की बड़ी घोषणा, TET अभ्यर्थी दे सकेंगे ऑफलाइन परीक्षा

आज का राशिफल

व्ययाधिक्य का अवसर आ सकता है। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। बुद्घितत्व की सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। रुका हुआ लाभ आज प्राप्त हो सकता है। धार्मिक स्थलों की यात्रा का योग। शुभांक-4-6-8

आज का मौसम

भोपाल

22° / 31°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़