जालौर, 14 मई।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जालोर जिले के पंसेरी गांव में प्रातः भ्रमण किया और इस दौरान ग्रामीणों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी। उन्होंने स्कूल जा रहे छोटे बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट और टॉफियां भेंट की तथा शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।
भ्रमण के पश्चात मुख्यमंत्री ने गांव की चौहटा चौपाल पर ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा की और उनकी विकास संबंधी मांगों को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने जिला कलेक्टर को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इससे पूर्व बुधवार को मुख्यमंत्री ने पंसेरी गांव में आयोजित ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम के दौरान किसानों एवं पशुपालकों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनअपेक्षाओं के अनुरूप प्रदेश के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक रोडमैप पर कार्य कर रही है, जिससे राजस्थान को एक मॉडल राज्य के रूप में स्थापित किया जा सके। इसी दिशा में मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-वार्ड अभियान के तहत प्रत्येक पंचायत के सुव्यवस्थित विकास की योजना तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने बिजली और पानी की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों की सिंचाई आवश्यकताओं के लिए रामजल सेतु लिंक परियोजना के कार्यों को गति दी जा रही है। यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना और गंग नहर के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ माही और देवास परियोजनाओं पर भी तेजी से काम चल रहा है। सोम-कमला-अंबा परियोजना के माध्यम से जवाई बांध तक जल पहुंचाने की योजना है, जिससे जालौर, पाली और सिरोही क्षेत्रों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि 24 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली आपूर्ति की जा रही है, जिसे वर्ष 2027 तक पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कृषि को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई अपनाने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में कमी लाने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं से कृषि को रोजगार के रूप में अपनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम-2026) का आयोजन किया जाएगा और प्रदेशभर में ग्राम विकास रथ भी संचालित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को पंसेरी गांव में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम के उपरांत भेमाराम भील के निवास पर भोजन किया और परिवारजनों से आत्मीय बातचीत की।













