भोपाल, 13 मई।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बुधवार को बैतूल में मुलताई नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार और उनके पति प्रहलाद सिंह परमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान दोनों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल देखी गई।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि नीतू परमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे विकास और जनकल्याण कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार की तरह कार्य करती है, जहां सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन और जनसेवा को आगे बढ़ाते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में जनता की सेवा करने वालों का हमेशा स्वागत किया जाता है और संगठन साफ-सुथरी राजनीति करने वालों को आगे बढ़ने का अवसर देता है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश और प्रदेश की जनता लगातार भाजपा पर अपना विश्वास व्यक्त कर रही है।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद नीतू परमार ने कहा कि वह पहले भी भाजपा से जुड़ी रही हैं और लंबे समय तक संगठन में सामान्य कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा उनका परिवार है और क्षेत्र की जनता की बेहतर सेवा के उद्देश्य से उन्होंने पुनः पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।
इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर देशमुख, जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार और जिला मंत्री वर्षा गढ़ेकर सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।











.jpg)


.jpg)