प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ईंधन बचत की अपील के बाद मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बड़ा निर्णय लेते हुए अपने काफिले से पायलट और फॉलो वाहन सुविधा को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। इस फैसले के साथ संबंधित सुरक्षा स्टाफ को भी काफिले से हटा दिया गया है।
उप मुख्यमंत्री ने इस कदम को राष्ट्रहित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की अपील केवल एक सुझाव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में दिया गया अहम संदेश है। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम ईंधनों की बचत आज के समय की आवश्यकता बन चुकी है, जिससे सरकारी संसाधनों पर अनावश्यक दबाव को कम किया जा सकता है।
उन्होंने आगे कहा कि ईंधन संरक्षण का सीधा संबंध पर्यावरण सुरक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा हुआ है। ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे कदम समाज में सकारात्मक संदेश देने का काम करेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने दैनिक जीवन में ईंधन बचत को अपनाएं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा की बचत करना वास्तव में ऊर्जा उत्पादन के समान ही है और इस दिशा में सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।










.jpg)


.jpg)
