मध्यप्रदेश रेलवे पुलिस ने रेल यात्रियों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा को लेकर बीते दो सप्ताह में बड़ी सफलता हासिल की है। जबलपुर, ग्वालियर और इंदौर में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 21 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की है, जिससे यात्रियों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
जबलपुर में रेलवे पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 2.85 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। इसी कार्रवाई में एक महिला चोर को भी पकड़ा गया, जिसके कब्जे से चोरी किए गए जेवर जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 8,750 रुपये आंकी गई है।
ग्वालियर में जीआरपी ने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण सहित लगभग 7.30 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
इंदौर में जीआरपी ने ट्रॉली बैग चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया और करीब 2.82 लाख रुपये का सामान बरामद किया। इसके साथ ही ट्रेन में छूटे करीब 8.50 लाख रुपये मूल्य के जेवरों से भरा बैग कुछ ही घंटों में खोजकर संबंधित यात्री को सुरक्षित लौटा दिया गया, जिससे यात्रियों के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना और मजबूत हुई।









.jpg)


.jpg)
