नई दिल्ली, 13 मई।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने भारत आए चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज मैक्केना के साथ द्विपक्षीय मुलाकात की, जिसमें दोनों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान बाजार और स्रोतों में विविधता लाने, प्रमुख वस्तुओं के निर्यात को प्रोत्साहन देने तथा सेवाओं पर आधारित अर्थव्यवस्था को सुगम बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने आपसी सहयोग को नई दिशा देने पर सहमति जताई।
विदेश मंत्री ने अपनी एक्स पोस्ट में बताया कि बातचीत बेहद सकारात्मक रही और इसमें आर्थिक साझेदारी को बढ़ाने के साथ-साथ बहुपक्षीय और बहुस्तरीय मंचों पर मिलकर कार्य करने पर सहमति बनी।
उल्लेखनीय है कि चिली के विदेश मंत्री फ्रांसिस्को पेरेज मैक्केना ब्रिक्स विदेश मंत्रियों की आगामी दो दिवसीय बैठक में हिस्सा लेने भारत पहुंचे हैं, जिसकी अध्यक्षता स्वयं विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे।
इस बैठक में ब्राजील, रूस, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया और इंडोनेशिया के विदेश मंत्री शामिल होंगे, जबकि संयुक्त अरब अमीरात और ईरान से उप विदेश मंत्री स्तर का प्रतिनिधिमंडल आने की संभावना है तथा चीन का शेरपा प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा।
बैठक में सदस्य देश वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार साझा करेंगे। 14 मई को सभी विदेश मंत्रियों की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संयुक्त मुलाकात होगी, जिसके बाद विभिन्न सत्रों का आयोजन और रात्रिभोज कार्यक्रम रखा गया है तथा 15 मई को अंतिम सत्र के साथ बैठक संपन्न होगी।







.jpg)


.jpg)