कोलकाता, 13 मई।
मोहन बागान क्लब के पूर्व अध्यक्ष और प्रमुख प्रशासक स्वपन साधन बोस, जिन्हें टुटू बोस के नाम से जाना जाता था, का मंगलवार देर रात 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे बोस ने दक्षिण कोलकाता स्थित एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। सोमवार शाम उन्हें दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया।
उनके निधन की खबर से फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है और कोलकाता के खेल मैदानों में गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। राज्य के खेलमंत्री निशीथ प्रामाणिक और अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने मंगलवार को अस्पताल पहुंचकर उनकी स्थिति की जानकारी ली थी, जबकि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए रखी थी।
टुटू बोस को भारतीय फुटबॉल में एक दूरदर्शी प्रशासक के रूप में याद किया जाता है। उनके कार्यकाल में मोहन बागान क्लब ने कई ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिनमें सबसे चर्चित फैसला उद्योगपति संजीव गोयनका को क्लब की मालिकाना हिस्सेदारी सौंपना था। इस निर्णय के बाद क्लब के नाम में ‘एटीके’ जोड़े जाने पर उस समय विवाद भी उत्पन्न हुआ था।
उन्होंने भारतीय फुटबॉल में विदेशी खिलाड़ियों की शुरुआत को भी प्रोत्साहित किया। उनके प्रयासों से नाइजीरियाई खिलाड़ी चिमा ओकेरी मोहन बागान से जुड़े और क्लब के पहले विदेशी फुटबॉलर बने, जिसे भारतीय फुटबॉल में बड़े बदलाव के रूप में देखा गया।
फुटबॉल प्रशासन के साथ-साथ टुटू बोस एक व्यवसायी, समाचार पत्र स्वामी और तृणमूल कांग्रेस से राज्यसभा सदस्य भी रहे। पिछले कुछ वर्षों से खराब स्वास्थ्य के कारण वे सक्रिय प्रशासन से दूर थे और व्हीलचेयर पर निर्भर हो गए थे, लेकिन इसके बावजूद वे मोहन बागान समर्थकों के बीच सम्मानित संरक्षक बने रहे।
पिछले वर्ष मोहन बागान दिवस पर उन्हें ‘मोहन बागान रत्न’ से सम्मानित किया गया था, जिसमें सौरव गांगुली, बाइचुंग भूटिया, आईएम विजयन, जोसे बैरेटो और सुब्रत भट्टाचार्य जैसी कई खेल हस्तियां मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शोक संदेश में कहा कि मोहन बागान और टुटू बोस एक-दूसरे के पूरक थे और खेल प्रशासन में उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। उन्होंने बोस के नेतृत्व, दूरदृष्टि और खेलों के प्रति समर्पण को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया तथा परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।





.jpg)




