जयपुर, 14 मई।
राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की डूंगरपुर टीम ने प्रतापगढ़ जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए धोलापानी थाने के थानाधिकारी को रिश्वत मामले में हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस निरीक्षक की निजी कार से 2 लाख 87 हजार 150 रुपए की नकदी बरामद की गई, जिसके संबंध में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
जानकारी के अनुसार एसीबी को शिकायत मिली थी कि परिवादी के भाई के खिलाफ धोलापानी थाने में दर्ज बलात्कार के एक मामले में मदद करने, मारपीट से बचाने और परिवादी के पिता को केस में न फंसाने के बदले थानाधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया।
एसीबी उदयपुर रेंज के पर्यवेक्षण में डूंगरपुर इकाई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। इसी दौरान थानाधिकारी प्रवीण कुमार चारण को उस समय रोका गया जब वह रिश्वत की राशि एक परिचित से लेकर निजी वाहन से यात्रा कर रहा था।
निम्बाहेड़ा हाईवे स्थित नरसिंहपुरा टोल नाके पर टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान अधिकारी रकम को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
इसके बाद अतिरिक्त महानिदेशक के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ जारी है, वहीं टीम उसके सरकारी आवास की भी तलाशी ले रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।













